हो ज़ुरूरी तभी हदपार क़दम रखते हैं ।
हम समुन्दर हैं किनारों का भरम रखते हैं ।।
हम फ़रिश्ते तो नहीं फिर भी जुदा हैं हमलोग ।
फूल से दिल में भी पत्थर के सनम रखते हैं ।। ।
एक भी मन का मरज़ मन से निकाला न गया ।
दुश्मनों को भी बड़े ठाठ से हम रखते हैं ॥
हम भी शिकवों को रखा करते हैं दिल में लेकिन ।
उम्र इन शोलों की शबनम से भी कम रखते हैं ।।
सादा जीवन है मगर उच्च विचारों के साथ ।
टाट के ज़ेब में सोने के क़लम रखते हैं ।।
नवीन सी. चतुर्वेदी
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें